फरीदाबाद। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि देश के युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए यह संदेश दिया है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कड़े कानून तथा सख्त व्यवस्थाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनकी मेहनत के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मामले में जांच एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को हिरासत में लिया है। साथ ही, विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर सफलतापूर्वक पुनः परीक्षा आयोजित कर परिणाम भी जारी किए गए।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्पष्ट संदेश है कि देश की परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक छात्र को उसकी मेहनत के आधार पर न्याय मिल सके। सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।