स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली के लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। 15 अगस्त की सुबह लाल किले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के चलते कई प्रमुख मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, सुबह 4:00 बजे से 10:00 बजे तक कई रास्ते आम जनता के लिए बंद रहेंगे। ऐसे में अगर आप 15 अगस्त को दिल्ली के मुख्य इलाकों में जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी जरूर ले लें।
लाल किले की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों में नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड और एसपी मुखर्जी मार्ग शामिल हैं। नेताजी सुभाष मार्ग पर दिल्ली गेट से छत्ता रेल तक, जबकि लोथियन रोड पर जीपीओ दिल्ली से छत्ता रेल तक यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा एसपी मुखर्जी मार्ग पर एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
इसके साथ ही चांदनी चौक रोड और रिंग रोड पर भी ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी। दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे इन मार्गों से बचें और अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
अगर आपका 15 अगस्त को लाल किला, चांदनी चौक, दिल्ली गेट, यमुना बाजार या आसपास के क्षेत्रों में जाने का प्लान है, तो विशेष सावधानी बरतें। ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण सामान्य दिनों की तुलना में यात्रा में अधिक समय लग सकता है। इसलिए जरूरी काम के लिए घर से पर्याप्त समय लेकर निकलें और संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन या निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।