फरीदाबाद स्थित लिंग्याज़ विद्यापीठ में शुक्रवार को दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘जेस्ट हंगामा 2025’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन बॉलीवुड अभिनेता शर्मन जोशी ने किया। इस अवसर पर चांसलर पिच्चेश्वर गड्डे, लिंग्याज़ ग्रुप की सेक्रेटरी सुनीता गड्डे, वाइस चांसलर डॉ. पी.के. गुप्ता, पेट्रन डॉ. एम.के. सोनी, प्रो-वीसी (एडमिन) मेजर जनरल डॉ. योगेश चौधरी, प्रो-वीसी (रिसर्च) प्रो. डॉ. आर. चिन्नयन, डायरेक्टर भाविक कुचिपुड़ी और सीओओ प्रेम कुमार सालवान द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
अपने स्वागत भाषण में वीसी डॉ. पी.के. गुप्ता ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि शर्मन जोशी के भारतीय सिनेमा में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके चुनौतिपूर्ण और यादगार अभिनय ने फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग मिसाल कायम की है।

चांसलर पिच्चेश्वर गड्डे ने भी अभिनेता शर्मन जोशी का गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने उद्बोधन में शर्मन जोशी ने लिंग्याज़ कैंपस की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आदर्श है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कई लोकप्रिय फिल्मों के डायलॉग बोलकर और गीत गुनगुनाकर दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी आगामी फिल्म ‘शेल्टर होम’ का ट्रेलर भी इस अवसर पर प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया, जिसमें लिंग्याज़ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की समूह नृत्य प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया। उनकी परफॉर्मेंस से प्रभावित होकर शर्मन जोशी स्वयं स्टेज पर पहुंचे और विद्यार्थियों के साथ डांस कर उत्साह बढ़ाया।

जेस्ट हंगामा 2025 के पहले दिन दिल्ली-NCR के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने लिटरेरी कॉन्टेस्ट, वर्ड एसोसिएशन नॉकआउट, माइंडफ्लिक, स्टेज प्ले, ग्रुप सिंगिंग, बैटल ऑफ बैंड, नुक्कड़ नाटक, टैलेंट हंट, टग ऑफ वॉर सहित कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। दिन का समापन फैशन शो के साथ हुआ।
कार्यक्रम के दूसरे दिन ड्युट डांस, सोलो डांस, ग्रुप फोक डांस, टीजर हंट, बैलून सर्वाइवल, कॉइन बैलेंस चैलेंज, आर्म रेसलिंग सहित कई रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएँगी। समापन स्टार नाइट के साथ होगा, जिसमें बॉलीवुड की लोकप्रिय सिंगर असीस कौर प्रस्तुति देंगी।