फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना के बीच सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों को फिलहाल टोल टैक्स से राहत नहीं मिलने वाली। सरकार ने बंधवाड़ी टोल समेत चार प्रमुख टोल प्लाजा पर वसूली की अवधि अगले आदेश तक बढ़ा दी है। पहले 2 जुलाई को टोल बंद होने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन नए आदेश के बाद अब शुल्क वसूली अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी।
एक लाख से ज्यादा वाहन चालक होंगे प्रभावित
सरकार के इस फैसले का असर फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल और दिल्ली के बीच रोजाना सफर करने वाले एक लाख से अधिक वाहन चालकों पर पड़ेगा। लंबे समय से टोल हटाने की मांग कर रहे लोगों को इस निर्णय से बड़ा झटका लगा है।
महापंचायत और विरोध के बावजूद नहीं हटा टोल
बंधवाड़ी टोल प्लाजा को हटाने की मांग को लेकर 21 जून को महापंचायत आयोजित की गई थी। इसमें फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल और नोएडा सहित कई क्षेत्रों के लोग शामिल हुए थे। लोगों ने टोल हटाने और जाम से राहत दिलाने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने फिलहाल टोल जारी रखने का फैसला लिया है।