असम के गुवाहाटी से एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। हाटीगांव के बशिष्ठपुर इलाके में 25 वर्षीय रिया तालुकदार गोस्वामी का शव उसके घर से बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, महिला के शरीर के टुकड़े किए गए थे और उसका कटा हुआ सिर पॉलीथीन में लपेटकर फ्रिज के अंदर रखा गया था। उसकी उंगलियां भी काटे जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मामले में महिला के पति रामानुजन गोस्वामी को मुख्य आरोपी बताया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया और पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि रिया और रामानुजन की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। पड़ोसियों को घर से दुर्गंध आने और दो दिनों से दंपती से संपर्क नहीं होने पर शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके से पुलिस ने एक हथियार भी बरामद किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।