इस रविवार खुले रहेंगे बैंक, फिर लगातार 3 दिन हड़ताल; सरकार-RBI ने लिया बड़ा फैसला

नई दिल्ली | 23 सितंबर 2026
Bank Strike: बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। देशभर में प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। 27 सितंबर 2026, रविवार को पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने भी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM-लिंक्ड शाखाओं और करेंसी चेस्ट को उस दिन चालू रखने की मंजूरी दी है।
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार की छुट्टी पड़ रही थी। ऐसे में बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की संभावना थी।
ग्राहकों को लगातार लंबे समय तक बैंकिंग सेवाओं में परेशानी न हो, इसलिए 27 सितंबर को सामान्य कार्यदिवस के तौर पर बैंक खोलने का फैसला किया गया है।
किन बैंकों में खुलेगा काम?
सरकार के अनुसार रविवार को सभी Public Sector Banks और Regional Rural Banks (RRBs) सामान्य रूप से काम करेंगे। RBI की मंजूरी में बैंक शाखाओं के साथ-साथ कार्यालयों, ATM-लिंक्ड शाखाओं और करेंसी चेस्ट को भी शामिल किया गया है।
हड़ताल में क्या-क्या प्रभावित हो सकता है?
हड़ताल के दौरान शाखा से जुड़े कई सामान्य काम प्रभावित हो सकते हैं। इनमें:
- कैश जमा और निकासी
- चेक से जुड़े काम
- KYC संबंधी कार्य
- बैंक शाखा में दस्तावेज जमा करना
- अन्य ब्रांच आधारित बैंकिंग सेवाएं
हालांकि ATM, UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। SBI, Bank of Baroda और Canara Bank समेत कई बैंकों ने ग्राहकों को जरूरी ब्रांच संबंधी काम पहले निपटाने की सलाह दी है।
बैंक यूनियनों की क्या मांग है?
UFBU की प्रमुख मांगों में बैंकिंग सेक्टर में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करना शामिल है। यूनियनों ने कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़ी कुछ अन्य मांगें भी उठाई हैं। 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल को लेकर सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से हड़ताल टालने की अपील की है।
ग्राहकों के लिए जरूरी सलाह
अगर आपको बैंक शाखा में कोई जरूरी काम है, तो 27 सितंबर रविवार को उसका लाभ उठाया जा सकता है। वहीं 28 से 30 सितंबर के दौरान शाखा आधारित सेवाओं में संभावित परेशानी को देखते हुए जरूरी लेनदेन पहले पूरा करना बेहतर रहेगा। डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।