फरीदाबाद: शहर के जीवन नगर पार्ट-2 में ईदगाह के पास एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पानी से भरी बाल्टी में डूबने से एक साल के मासूम आर्यन की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय आर्यन घर की छत पर खेल रहा था। उसकी मां ऊपर के कमरे में घरेलू काम कर रही थीं, जबकि पिता काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। खेलते-खेलते बच्चा बाथरूम के पास रखी पानी से भरी बाल्टी तक पहुंच गया और उसमें गिर गया।
कुछ समय बाद परिजनों ने बच्चे को बाल्टी में देखा तो आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। पहले सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।