प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर होगा रंगारंग कार्यक्रम, बच्चों को मिलेंगे उपहार; विशेष ब्लड डोनेशन कैंप भी लगेगा
थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया के जनरल सेक्रेटरी रविंद्र डुडेजा एवं जॉइंट सेक्रेटरी जे.के. भाटिया ने केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर से मुलाकात कर थैलेसीमिया बच्चों के सामने आ रही गंभीर समस्याओं को उनके समक्ष रखा।
रविंद्र डुडेजा ने मंत्री को बताया कि थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को अपना जीवन बचाने के लिए हर 15–20 दिन में रक्त की आवश्यकता होती है। वर्तमान समय में रक्त की भारी कमी के कारण इन बच्चों के परिवारों को बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने से बच्चों का स्वास्थ्य भी प्रभावित होता है।
उन्होंने श्री कृष्ण पाल गुर्जर से अनुरोध किया कि थैलेसीमिया बच्चों के लिए एक विशेष ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करवाया जाए तथा बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए उनके लिए एक विशेष कार्यक्रम एवं पार्टी का आयोजन भी किया जाए।
श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बिना किसी देरी के इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि देश के सम्मानित प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर थैलेसीमिया बच्चों के लिए एक भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बच्चों को उपहार दिए जाएंगे तथा विशेष ब्लड डोनेशन कैंप का भी आयोजन किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान विधायक श्री धनेश अदलखा एवं श्री सतीश फागना भी उपस्थित रहे। श्री सतीश फागना ने भी थैलेसीमिया बच्चों की सहायता के लिए ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करवाने में अपना पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया ने इस सकारात्मक पहल के लिए श्री कृष्ण पाल गुर्जर, श्री धनेश अदलखा एवं श्री सतीश फागना का आभार व्यक्त किया।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि थैलेसीमिया बच्चों के लिए रक्त किसी सामान्य जरूरत से कम नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता है। एक यूनिट रक्त किसी बच्चे के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। संस्था ने समाज के युवाओं एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे आगे आकर नियमित रक्तदान करें और इन मासूम बच्चों के जीवन को बचाने में अपना योगदान दें।
आपका रक्तदान—किसी थैलेसीमिया बच्चे की जिंदगी की उम्मीद बन सकता है। फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया (रजि.), फरीदाबाद